इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड के खिलाफ एक ही ओवर में युवराज सिंह ने छह छक्के लगा दिए थे। युवराज सिंह ने सिर्फ 12 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था। उनका यह रिकॉर्ड अब तक कोई नहीं तोड़ पाया है।
![]() |
Yuvraj Singh, Six Sixes |
पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह इन दिनों अपने परिवार के साथ समय बिता रहे हैं। बाकी खिलाड़ियों की तरह युवराज सिंह ने अब तक कोच बनने में या कमेंट्री में हाथ नहीं आजमया है। हालांकि, युवराज की कुछ पारियां अभी भी फैंस की यादों में ताजा हैं। उनमें सबसे ऊपर युवराज सिंह के छह छक्के हैं, जो उन्होंने एक ही ओवर में लगाए थे और इंग्लैंड के खिलाफ बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली थी। उनकी इस पारी को आज 15 साल पूरे हो गए हैं। युवराज ने आज ही के दिन 2007 में यह कारनामा किया था।
टी20 विश्व कप 2007 के एक मैच में युवराज सिंह और इंग्लैंड के खिलाड़ी के बीच बहस हो गई थी। इसके बाद युवराज उत्तेजित नजर आ रहे थे। युवराज क्रीज पर थे और इंग्लैंड के युवा तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड गेंदबाजी के लिए आए। युवराज ने उनके ओवर की शुरुआती दो गेंदों में छक्के लगा दिए। युवराज से बहस करने वाला खिलाड़ी शांत हो गया था, लेकिन युवी ने तीसरी गेंद पर भी छक्का लगा दिया। इसके बाद इंग्लैंड की पूरी टीम गेंदबाज के पास पहुंच गई। सभी ने कुछ समझाया, लेकिन युवी ने चौथी गेंद पर भी छक्का लगा दिया। इसके बाद सभी ने मान लिया कि आज एक ओवर में छह छक्के लगने वाले हैं और हुआ भी वैसा ही।
युवराज सिंह ने इस मैच में सिर्फ 12 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था। और 16 गेंदों में 58 रन बनाए थे। उनका यह रिकॉर्ड अब तक कोई बल्लेबाज नहीं तोड़ पाया है। अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने की रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम है।